बरेली। थाना शेरगढ़ पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक शातिर अभियुक्त को अवैध तमंचे और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP25ED3655), एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की रात जीवन ज्योति अस्पताल, शेरगढ़ के सामने से अयाज बेग की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले में थाना शेरगढ़ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। शनिवार तड़के करबला मार्ग स्थित पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक राजेन्द्र (30) निवासी गांधी नगर, शेरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया था तथा पहले भी बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी के खिलाफ चोरी के साथ-साथ आयुध अधिनियम के तहत भी अलग मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।