बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें पीजी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, व्यवहारिक विकास, अनुशासन तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उनकी सहभागिता की समीक्षा करना रहा।संगोष्ठी के दौरान कक्षा अध्यापकों ने प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा की। विद्यार्थियों की उपलब्धियों, रुचियों और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों ने भी बच्चों की पढ़ाई, गृहकार्य, समय प्रबंधन तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शिक्षा से जुड़े प्रश्न रखे, जिनका शिक्षकों ने संतोषजनक उत्तर देते हुए बच्चों के बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयोगी सुझाव दिए। इस दौरान बच्चों में अनुशासन, नियमितता और आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य ऐसा सहयोगात्मक और समावेशी शैक्षिक वातावरण तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक विद्यार्थी को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिले। बच्चों की शैक्षिक यात्रा में अभिभावकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। घर का वातावरण भी बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय प्रबंधन निरंतर प्रयासरत है।प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की दैनिक दिनचर्या पर ध्यान देने, उन्हें नियमित विद्यालय भेजने, समय से गृहकार्य पूरा कराने तथा मोबाइल और टीवी के उपयोग को सीमित रखने की अपील की। उन्होंने विद्यालय में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और आगामी परीक्षाओं की जानकारी भी साझा की।इस अवसर पर अभिभावकों ने अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। कई अभिभावकों ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसी संगोष्ठियों को विद्यार्थियों की प्रगति के लिए उपयोगी बताया। विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ मौजूद रहा।
बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी हुई,महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए

5.9K views

























































































