बरेली। स्मार्ट सिटी बरेली के वार्ड नंबर 30 और वार्ड नंबर 59 को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पिछले कई वर्षों से अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। नवदिया भवंतापुर से लेकर रज़ा कॉलोनी फाटक पार्क तक की सड़क इस कदर जर्जर हो चुकी है कि स्थानीय निवासियों का घरों से निकलना और बैठना मुहाल हो गया है। इस बदहाल रास्ते के कारण क्षेत्र के लगभग 2 हजार की आबादी नारकीय जीवन जीने को मजबूर है। क्षेत्रीय निवासी बेदराम, नंदलाल, मोनू खान, पूरनलाल, मुकेश, तौफीक, खुशनुमा खान, जगदीश सागर, शिव सागर, जियाउल मुस्तफा, मुख्तियार, निसार अहमद और हैदर अली आदि ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि हल्की सी बारिश होते ही पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है। इस वजह से बुजुर्ग, बच्चे, महिलाएं और दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है,यहां के हालात देखकर नहीं लगता कि हम किसी स्मार्ट सिटी में रह रहे हैं। हम बस इतना चाहते हैं कि हमारे क्षेत्र को भी स्मार्ट बनाया जाए।” नगर निगम को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है।क्षेत्रवासियों की इस गंभीर समस्या को लेकर जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी ख़ाँ वारसी ने नगर निगम प्रशासन से पुरजोर मांग करते हुए कहा कि इस बदहाल रास्ते का तत्काल प्रभाव से सर्वे कराया जाए।नगर निगम प्रशासन को तुरंत इस रास्ते का सर्वे कराकर नई सड़क का निर्माण कराना चाहिए। साथ ही, क्षेत्र में जलभराव की स्थायी समस्या से निजात दिलाने के लिए पक्की नालियों का निर्माण भी बेहद जरूरी है। भवंतापुर के इन बदहाल रास्तों को जनहित में जल्द दुरुस्त कराया जाये ताकि यहां के बाशिंदों को समस्या से निजात मिल सके।