बरेली। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए बरेली पुलिस के अधिकारी एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ आशुतोष शिवम , सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित कई अधिकारियों ने शहरभर में विशेष अभियान चलाया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर छापेमारी कर जांच की तथा दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि चाइनीज मांझा मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानदारों को चाइनीज मांझे से होने वाले खतरों के बारे में जागरूक करते हुए इसके भंडारण और बिक्री से दूर रहने की हिदायत दी गई। हाल ही में प्रदेश के गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार के भतीजे आदित्य के चाइनीज मांझे की चपेट में आकर घायल होने की घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। घटना के बाद शहर में व्यापक स्तर पर निगरानी और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझा राहगीरों, बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। इसके बावजूद कुछ लोग अवैध रूप से इसकी बिक्री कर रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित मांझा मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि चाइनीज मांझे की बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।