बरेली। थाना कैंट पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना कैंट में दर्ज मुकदमा संख्या 198/26 में कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पड़ोस में रहने वाले मुजीब कुरैशी ने उसे धमकाकर दुष्कर्म किया, अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दी तथा जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था।14 जून को थाना कैंट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी सैटेलाइट बस स्टैंड क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संजय धीर के निर्देशन में उपनिरीक्षक रोहित तोमर व पुलिस टीम ने क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सैटेलाइट पुल के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजीब कुरैशी (36 वर्ष) पुत्र इकबाल कुरैशी निवासी ग्राम मीरपुर वाहनपुर, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और शिकायतकर्ता एक-दूसरे को जानते थे तथा दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। आरोपी का कहना है कि वह शिकायतकर्ता से विवाह करना चाहता था, लेकिन बाद में उसे पता चला कि वह पहले से विवाहित है और उसका तलाक नहीं हुआ है। आरोपी ने कहा कि वह अपना विस्तृत पक्ष न्यायालय में प्रस्तुत करेगा।