बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बाइक तथा अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार पुराना चांदमारी निवासी विशाल ने 14 जून को तहरीर देकर बताया था कि 12 जून को बीडीए गेट के पास बाइक सवार दो बदमाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सुभाषनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया था।मंगलवार तड़के करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने बरेली-बदायूं रोड पर कामख्या देवी मंदिर मार्ग के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गयाघायल बदमाश ने अपना नाम समीर पुत्र नसीम जावेद निवासी जगतपुर, थाना बारादरी बताया। उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, छीना गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है।पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज कर लिया है। समीर के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में अपहरण, चोरी, धोखाधड़ी समेत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार साथी की तलाश जारी है।