बरेली। राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट भारत द्वारा नगर निगम बरेली के जोन-4 क्षेत्र में जल बचाओ अभियान चलाकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण कई स्थानों पर पेयजल की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक पानी बर्बाद न करें, सार्वजनिक स्थानों पर लगी पानी की टंकियों को उपयोग के बाद बंद करें तथा पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करें। राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल ने कहा कि तेजी से बढ़ रहे सीमेंटेड निर्माण और भूमि के कंक्रीटीकरण के कारण वर्षा जल जमीन में नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं सबमर्सिबल, बोरिंग और ट्यूबवेल के बढ़ते उपयोग से भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। उन्होंने वर्षा जल संचयन और सोख्ता गड्ढों के निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि यदि समय रहते जल संरक्षण के प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्रम में संरक्षक डॉ. अखिलेश गुप्ता, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दामोदर सहित क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए जल संरक्षण का संकल्प लिया।