बरेली। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान लखौरा गांव में चलाया गया। माधव राव सिंधिया पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल ने गांव की जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं को एकत्रित कर निशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए। इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि आज भी ग्रामीण इलाकों में जागरूकता की कमी के कारण महिलाएं गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाती हैं। झिझक और संकोच को छोड़कर हर महिला को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए। इस दौरान महिलाओं को स्वच्छता बनाए रखने के तरीके भी सिखाए गए। ग्रामीणों ने इस जनहितैषी कार्य के लिए समाजसेवी डॉ सौरभ का आभार व्यक्त किया।