उझानी:- उझानी कोतवाली क्षेत्र के ठिरिया गांव से सोमवार दोपहर एक आठ वर्षीय बालक लापता हो गया। ग्राम पंचायत तेहरा के निवासी शांतिदास शर्मा के पुत्र कन्हैया के अचानक गायब होने से परिजन परेशान हैं। परिजनों ने बताया कि कन्हैया सोमवार दोपहर गांव में खेल रहा था। जब वह कुछ देर बाद घर नहीं लौटा, तो उसकी तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय गांव में एक संदिग्ध अज्ञात युवक घूम रहा था, जिसे लोगों ने गांव से जाने के लिए कहा था। ग्रामीणों को आशंका है कि वही युवक बच्चे को अपने साथ ले गया है। बच्चे का पता न चलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देर रात परिजनों ने उझानी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों द्वारा जिस संदिग्ध युवक पर शक जताया गया है, उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है!