बरेली । आज का दिन अत्यंत सुंदर और पवित्र है। आज के दिन ही श्री नीम करौरी बाबा महाराज ने कैंची धाम में मंदिर और आश्रम का निर्माण पूर्ण कराया था। नीम करौरी बाबा महाराज आधुनिक भारत के श्रेष्ठतम संत-सदगुरू हैं। सभी भक्त उन्हें श्री हनुमान जी महाराज का साक्षात अवतार मानते हैं। उनकी कृपा और महिमा का बखान शब्दों में संभव नहीं है। इस पावन अवसर पर बरेली के श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने विशेष जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस गौरवशाली दिवस को मंदिर परिसर में पूरे विधि-विधान और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य यजमान बिबेक पटेल की ओर से हलवा-चने के भोग अर्पण के साथ हुई। इसके उपरांत अभिनव कटरु की ओर से हलवे का प्रसाद वितरण किया जा रहा है, जिसे ग्रहण करने के लिए भक्तों की कतारें लगी हैं। महंत पंडित सुशील पाठक ने उन सभी भक्तों के लिए विशेष संदेश दिया जो किन्हीं कारणों से कैंची धाम या मंदिर तक नहीं पहुँच सके हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग आज मंदिर आने में असमर्थ हैं, वे श्री शिरडी साईं खाटूश्याम सर्व देव मंदिर में आकर नीम करौरी महाराज के श्री विग्रह का दर्शन कर सकते हैं और अपनी श्रद्धा निवेदित कर सकते हैं। मंदिर प्रबंधन की ओर से सभी भक्तों का हृदय से स्वागत किया गया है। आज के दिन बाबा की भक्ति में लीन होकर सभी लोग पुण्य के भागी बन रहे हैं।