बरेली। थाना शीशगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी पर संगठित गिरोह बनाकर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों और पंचायत घरों से चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार थाना शीशगढ़ में 12 जून को मुसीर और उसके साथी मुकीम के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी संगठित गिरोह बनाकर प्राथमिक विद्यालयों एवं पंचायत घरों से स्मार्ट टीवी, बर्तन तथा बिजली ट्रांसफार्मरों का तेल चोरी करते थे और चोरी का सामान बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। रविवार को शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित मुसीर कस्बा शीशगढ़ के बरेली अड्डे के पास मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने से आरोपी मुसीर (38) निवासी बिलासपुर अड्डा, थाना शीशगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने विद्यालयों से चोरी कर सामान बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार तथा कांस्टेबल तरुण कुमार शामिल रहे।