बरेली। थाना किला पुलिस ने पत्नी पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वादिनी की तहरीर पर आरोपी सुहेल उर्फ सेहिल पुत्र शकरुद्दीन निवासी बाकरगंज, हुसैन बाग, पत्थर शाह बाबा मजार के पास, थाना किला के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा जानलेवा हमले के आरोप में थाना किला में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस के मुताबिक 14 जून को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गश्त के दौरान बाकरगंज नदी पुल के आगे से आरोपी सुहेल उर्फ सेहिल (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी मायके चली गई थी और वापस आने से इनकार कर रही थी। इसी बात को लेकर वह 9 जून को पत्नी के घर पहुंचा, जहां विवाद बढ़ गया। गुस्से में उसने अपने पास रखी ब्लेड से पत्नी के गले पर वार कर दिया। हालांकि महिला के हट जाने से ब्लेड उसके गाल और गले पर लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना किला में पूर्व से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी अचल कुमार, उपनिरीक्षक पवन कृष्ण यादव तथा उपनिरीक्षक वकार अहमद शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।