बदायूं। जनपद के हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बक्सेना में एक 12 वर्षीय किशोर की उपचार के दौरान मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव में प्रैक्टिस कर रहे एक झोलाछाप डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार ग्राम बक्सेना निवासी नन्हे (12 वर्ष) पुत्र रामपाल का उपचार गांव में ही ऋषि नामक कथित झोलाछाप डॉक्टर के यहां चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान किशोर की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। आरोप है कि किशोर की मौत होने के बाद डॉक्टर ने उसे तत्काल कहीं अन्यत्र ले जाने की सलाह देकर अपने हाथ खड़े कर दिए।परिजन आनन-फानन में किशोर को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची हजरतपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।मृतक नन्हे अपने माता-पिता की संतान में चार भाइयों और चार बहनों के बीच था। उसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने आरोपी झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ थाना हजरतपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।