बरेली। वार्ड 76 के ज़खीरा क्षेत्र में बाग वाली मस्जिद के पास सड़क की हालत पिछले चार माह से बेहद खराब बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर गड्ढे और कीचड़ होने के कारण आए दिन राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। हल्की बारिश होते ही रास्ते पर जलभराव हो जाता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदार नवाब, भइय्ये और महफ़ूज़ ने बताया कि सड़क खराब होने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे कारोबार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि जलभराव के कारण मच्छरों और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। निवासियों ने बताया कि खराब सड़क के चलते गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी तक प्रभावित हो रही है और डिलीवरी कर्मियों को घरों तक पहुंचने में कठिनाई होती है। वहीं बाग वाली मस्जिद में आने वाले नमाज़ियों को भी रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। विशेष रूप से जुमे की नमाज़ के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के आने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि न तो ठेकेदार की ओर से कोई कार्य कराया जा रहा है और न ही जनप्रतिनिधि इस समस्या की सुध ले रहे हैं। लोगों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से जल्द सड़क निर्माण एवं जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।