बदायूं के उझानी कस्बे में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को दो बजे के आसपास कस्बे के मौहल्ला कृष्णा कॉलोनी की रहने वाली 50 वर्षीय पिंकी पत्नी वेदप्रकाश उस समय घायल हो गई जब वह अपने घर की छत पर कपड़े डालने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद बंदरों के एक झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया और बंदरों के झुंड ने काटकर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह बंदरों को भगाकर घायल महिला को नीचे उतारा। इसके बाद उसे उपचार के लिए उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।जहां चिकित्सकों ने घायल महिला के एंटी रैवीज बैक्सीन लगाने के बाद प्राथमिक उपचार किया। कस्बे के लोगों का कहना है कि बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। आए दिन बंदर छतों पर सूख रहे कपड़े फाड़ देते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में विशेष रूप से भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से बंदरों को पकड़वाने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।