बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान हुए भीषण सड़क हादसे में घायल दरोगा की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए उपनिरीक्षक (एसआई) देवराज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि हादसे में घायल कांस्टेबल अमित का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।कल बिसौली-बिल्सी रोड पर रानेट पुल के निकट पुलिस कर्मियों की बाइक को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार उपनिरीक्षक देवराज और कांस्टेबल अमित सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एसआई देवराज को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया था, जहां उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया, लेकिन दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं घायल कांस्टेबल अमित का उपचार जारी है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार, कोतवाल कमलेश मिश्रा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, दरोगा देवराज के निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे और उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के लोगों ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।