बरेली। बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों ने कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) में कथित गड़बड़ियों को लेकर ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने अपनी व्यक्तिगत शिकायतों के प्रारूप भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन कार्यालय में जमा किए और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। कर्मचारी नेताओं ने जनसंपर्क अधिकारी को दस्तावेज सौंपते हुए बताया कि अस्थायी कर्मचारियों के ईपीएफ अंशदान में अनियमितताएं हुई हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि ईपीएफ की कटौती केवल मूल वेतन पर की गई, जबकि नियमानुसार इसे मूल वेतन और महंगाई भत्ते (डीए) दोनों पर किया जाना चाहिए था। ऐसा न होने से कर्मचारियों को वित्तीय हानि हुई है, जिसकी भरपाई किए जाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए यह मामला उठाया गया है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावित कर्मचारियों को आर्थिक क्षतिपूर्ति दी जानी चाहिए। इस दौरान जितेंद्र मिश्रा, हरीश मौर्य, राजाराम, श्याम सुंदर, भीकम सिंह गुर्जर, तेजपाल, रामपाल, पूरनलाल मसीह, श्रीराम और ओमप्रकाश यादव सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।