बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के दौली मुरूपुरा गांव में एक गाय पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी मौत होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और लोगों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार गांव के रहने वाले लोगों का आरोप है कि हसन नामक व्यक्ति ने एक गाय पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शी सूरज ने बताया कि उसने घटना को देखकर रोकने का प्रयास किया तो आरोपित ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस और गौ रक्षकों को दी गई। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने गाय का परीक्षण किया, जिसके बाद उसकी मौत की पुष्टि हुई। जिसको लेकर हंगामा शुरू हो गया सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया। राष्ट्रीय सेवा संघ के प्रदेश महामंत्री सोनू ठाकुर ने क्षेत्राधिकारी से वार्ता कर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। बाद में गाय का अंतिम संस्कार कराया गया। गाय के मालिक प्रदीप यादव ने सीबीगंज थाने में तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।मौके पर ऋषि यादव, वंश राजपूत, बिहान शर्मा, विशाल सहित अन्य गौ रक्षक और ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।