बरेली। थाना बारादरी पुलिस की तत्परता से घर के बाहर खेलते समय लापता हुआ पांच वर्षीय बालक मात्र एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। बालक के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस के अनुसार गुरुवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि नवादा शेखान निवासी सुनीता पत्नी ओमवीर सिंह का पांच वर्षीय पुत्र वेवान घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। सूचना मिलते ही थाना बारादरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। लगातार प्रयास और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने बालक को बालजती कुएं के पास से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालक की सकुशल बरामदगी में उपनिरीक्षक शिवेन्द्र सिंह भदौरिया, चौकी प्रभारी सैटेलाइट उपनिरीक्षक मयंक भारद्वाज, हेड कांस्टेबल चेतन सिंह, कांस्टेबल अजीत कुमार तथा कांस्टेबल कुर्बान अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।