बरेली। बिथरी चैनपुर ब्लॉक के गांव अनूप नगरिया गोपालपुर निवासी विमला देवी ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक हैरान करने वाली शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य विभाग ने उन्हें जीवित होने के बावजूद सरकारी अभिलेखों में मृत घोषित कर दिया, जिससे उनका अंत्योदय राशन कार्ड भी निरस्त हो गया। विमला देवी पत्नी राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनका अंत्योदय राशन कार्ड संख्या 215021010474 बिना उचित कारण के निरस्त कर दिया गया था। इसकी शिकायत उन्होंने तहसील दिवस में की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि शिकायत के बाद विभागीय पोर्टल पर उन्हें मृत दर्शा दिया गया, जिसके चलते राशन कार्ड से उनका नाम भी हटा दिया गया। पीड़िता का कहना है कि वह और उनके पति कई दिनों से कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि इस गलती के कारण परिवार को राशन सहित अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। विमला देवी ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने, राशन कार्ड बहाल कराने तथा पोर्टल से मृत्यु संबंधी गलत प्रविष्टि हटवाने की मांग की है। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।