बरेली। देवरनिया थाना क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों के कथित कदाचार और पार्टी कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे के विरोध में अटल संकल्प पार्टी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गंगवार और इंजीनियर योगेश कुमार के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने क्षेत्राधिकारी बहेड़ी, थाना प्रभारी देवरनिया और एसआई सुनील कुमार को तत्काल निलंबित करने तथा दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग उठाई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि क्षेत्राधिकारी बहेड़ी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह कथित रूप से विवादित टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। पार्टी का कहना है कि इससे पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं। इसके अलावा थाना प्रभारी और एसआई पर पार्टी के एक पदाधिकारी के पीआरओ का मोबाइल फोन जबरन छीनने का भी आरोप लगाया गया है। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि मृतक के परिजनों और पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ थाना देवरनिया में दर्ज मुकदमा संख्या 230/26 दुर्भावनापूर्ण और आधारहीन है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच किसी बाहरी जिले के वरिष्ठ अधिकारी से कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आरोपित अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई और मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी। ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से शासन और प्रशासन को भेजा गया।ज्ञापन के दौरान रवि मौर्य , ओमेंद्र कुमार , मधु शर्मा , अरविंद कुमार , रुक्मणी यादव, अरुण कश्यप आदि मौजूद थें।