बदायूं। वजीरगंज विकासखंड क्षेत्र के गांव सुरसेना में पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव के सम्मान में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश स्तर पर जनपद बदायूं का नाम रोशन करने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत करते हुए पटका पहनाकर सम्मानित किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही। समारोह के दौरान पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया तथा उनके योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य जयपाल दिवाकर ने कहा कि जितेंद्र यादव ने अपने कार्यों और उपलब्धियों से बदायूं जनपद को नई पहचान दिलाई है। उनकी सफलता पूरे जिले और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व एमएलसी की उल्लेखनीय उपलब्धियों के सम्मान में ही गांव सुरसेना में इस स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार सक्सेना, जिला पंचायत सदस्य जयपाल दिवाकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष वजीरगंज उपेंद्र कुमार मौर्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष बगरैन राघव चौहान, रितेश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह पूरे उत्साह और सम्मानपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।