बरेली। राज्य स्तरीय मेगा फ्लड रेस्क्यू ऑपरेशन मॉक ड्रिल के तहत सिविल डिफेंस बरेली के वार्डनों ने जिले की चार तहसीलों सदर, आंवला, मीरगंज एवं बहेड़ी में बाढ़ बचाव अभ्यास में सक्रिय भागीदारी निभाई। मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डूबते व्यक्ति को सुरक्षित बचाकर निकट स्थित शरणालय तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इस दौरान उत्तराखंड की एसआरडीएफ टीम के जवानों ने भी सहयोग किया।सदर तहसील क्षेत्र में रामगंगा नदी पर आयोजित मॉक ड्रिल में उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा बरेली राकेश मिश्र के नेतृत्व में प्रभागीय वार्डन (आ.) शिवलेश चन्द्र पाण्डेय, आईसीओ देवेन्द्र शर्मा, पोस्ट वार्डन बृजेश कुमार, सुशील शर्मा, मोनिश ताज, अंकित शर्मा, आकाश सक्सेना, हरनाम सिंह एवं विवेक सक्सेना सहित अन्य वार्डनों ने भाग लिया। आंवला तहसील में प्रभागीय वार्डन दिनेश यादव तथा बहेड़ी तहसील में उपप्रभागीय वार्डन (आ.) कंवलजीत सिंह के नेतृत्व में वार्डनों ने राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान एडीएम (एफआर), एसडीएम, एसीएमओ, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं नागरिक सुरक्षा संगठन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित राहत कार्यों के महत्व पर बल दिया।