बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव पस्तौर में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक महिला छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार गांव पस्तौर निवासी 35 वर्षीय सीता पत्नी प्रदीप बुधवार रात घर की छत पर मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। सीता नीचे जाने के लिए सीढ़ियों की ओर बढ़ीं, लेकिन तेज हवा के झोंकों के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गईं। हादसे में सीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके पति प्रदीप, जो परसाखेड़ा स्थित एक प्लाईवुड कंपनी में काम करते हैं, उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है।