बरेली। थाना अलीगंज पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान नोटों की माला चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके साथी को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई नोटों की मालाएं, तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार 9 जून को थाना सिरौली क्षेत्र में एक दुकान से अज्ञात बदमाश नोटों की माला चोरी कर ले गए थे। इसी दिन थाना अलीगंज क्षेत्र में भी दो युवकों ने दुकान के काउंटर से 20 रुपये के नोटों की गड्डी और नोटों का हार चोरी कर लिया था। दोनों घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में दोनों वारदातों में एक ही बाइक और एक ही आरोपी शामिल पाए गए।गुरुवार तड़के अलीगंज-सिरौली मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में साहिल मलिक निवासी संभल घायल हो गया, जबकि उसका साथी धर्मेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने साहिल के कब्जे से एक तमंचा, दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। साथ ही अलीगंज और सिरौली से चोरी की गई नोटों की मालाएं तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।