बरेली। रोहिलखंड क्षेत्र के बस चालक प्रमोद यादव की मृत्यु के बाद चालक समुदाय में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। गुरुवार को सैटेलाइट बस अड्डे सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में चालक एकत्र हुए और प्रशासन व परिवहन अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।प्रदर्शन कर रहे चालकों का आरोप है कि हादसे के बाद संबंधित अधिकारियों को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और बाद में मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। चालकों का कहना है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।चालकों ने मांग की है कि मृतक प्रमोद यादव के परिजनों को नौकरी दी जाए तथा उनकी अन्य मांगों पर लिखित रूप से समझौता कराया जाए। उनका कहना है कि जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगी। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रत्येक चालक से प्रतिवर्ष 1163 रुपये बीमा मद में काटे जाते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता। इसके अलावा आय कम होने पर चालकों से अतिरिक्त कटौती किए जाने का भी आरोप लगाया गया। चालकों का कहना है कि भाड़े की निर्धारित राशि का कम से कम 50 प्रतिशत पूरा न होने पर उनसे वसूली की जाती है, जिससे आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सैटेलाइट बस अड्डे से लेकर पूरे बरेली में चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। फिलहाल बड़ी संख्या में चालक सैटेलाइट क्षेत्र में मौजूद हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।