बरेली। गुरुवार रात शहर के विशप मंडल इंटर कॉलेज परिसर में लगी नुमाइश में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक झूला गिर जाने से मां-बेटा घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां बच्चे की हालत को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया गया। थाना बारादरी क्षेत्र के संजय नगर निवासी गोविंद की पत्नी ज्योति और उनका 11 वर्षीय पुत्र अनमोल नुमाइश घूमने गए थे। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खराब मौसम के बीच झूला गिर गया, जिसकी चपेट में आकर ज्योति और अनमोल घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने ज्योति का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया, जबकि अनमोल को अधिक चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। घटना के बाद नुमाइश में सुरक्षा व्यवस्था और झूलों की मजबूती को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।