उझानी:- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बदायूँ के बाबूजी कल्याण सिंह चौक पर जलभराव और हादसों की समस्या का संज्ञान लिया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के आदेश दिए हैं। इस कदम से वर्षों से चली आ रही समस्या से जनता को राहत मिलने की उम्मीद है। यह शिकायत स्थानीय निवासी सर्वेश शर्मा ने की थी। मंत्री शर्मा ने लोक निर्माण विभाग, बदायूँ के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं। पत्र में उझानी निवासी सर्वेश कुमार शर्मा की शिकायत का हवाला दिया गया है, जिसमें बताया गया है कि कल्याण सिंह चौक पर लगातार जलभराव रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। स्थानीय निवासियों ने इस समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका परिषद उझानी और लोक निर्माण विभाग से कई बार संपर्क किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। मंत्री शर्मा ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उनके संज्ञान में आया है कि इस चौक को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 530-बी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अपेक्षा की है कि इस क्षेत्र में मरम्मत कार्य शीघ्रता से शुरू किया जाए और सभी संबंधित आवश्यक कार्यवाही पूरी की जाए।