बरेली। थाना विशारतगंज पुलिस ने दहेज हत्या और दहेज उत्पीड़न के मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार 24 फरवरी को भमोरा थाना क्षेत्र के ग्राम फिरोजापुर निवासी सूरजपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 24 वर्षीय पुत्री जावित्री देवी को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि आरोपी पक्ष एक बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। तहरीर में आरोप लगाया गया कि मांग पूरी न होने पर जावित्री देवी को विषाक्त पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। साथ ही शिकायत करने पर परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में थाना विशारतगंज में संबंधित धाराओं एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर थाना विशारतगंज पुलिस ने वांछित आरोपी हरीश बाबू पुत्र स्वर्गीय श्याम सिंह, निवासी ग्राम कंधरपुर, थाना विशारतगंज को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार कश्यप, उपनिरीक्षक वीर सिंह, कांस्टेबल नीरज कुमार एवं धर्मेंद्र सिंह शामिल रहे।