बदायूं। परिवहन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर अवैध खनन में संलिप्त 08 वाहनों को सीज किया गया तथा संबंधित वाहन स्वामियों से कुल 3.70 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान एक अनाधिकृत रूप से संचालित डबल डेकर बस को भी पकड़कर परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं बिना अनुमति वाहन संचालन करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान बिना हेल्मेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 31 चालकों, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले 14 चारपहिया वाहन चालकों तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले 05 चालकों के चालान किए गए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह गंभीर है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेल्मेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, जिससे स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।