बरेली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग के संदेह में बरेली के प्रमुख मोबाइल कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के आवास मारवाड़ी गंज में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश समेत करीब आधा दर्जन स्थानों पर एक साथ की जा रही है।सूत्रों के अनुसार, थाना प्रेमनगर क्षेत्र के मारवाड़ी गंज निवासी आशुतोष अग्रवाल लंबे समय से वित्तीय लेनदेन और संदिग्ध कारोबारी गतिविधियों को लेकर जांच एजेंसियों के रडार पर थे। कई दिनों तक चली गोपनीय पड़ताल के बाद ईडी की टीम ने सोमवार को उनके आवास पर दबिश दी।जानकारी के मुताबिक, ईडी अधिकारियों ने कार्रवाई से पहले स्थानीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस तथा पीएसी के जवानों को साथ लेकर कारोबारी के घर में प्रवेश किया। टीम के अंदर दाखिल होने के बाद मकान को अंदर से बंद कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान घर के सदस्यों सहित किसी भी व्यक्ति को बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई।मौके पर दिल्ली नंबर की एक गाड़ी भी देखी गई, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी दिल्ली से पहुंचे हैं। छापेमारी की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और पड़ोसी घर के बाहर जुट गए। हालांकि सुरक्षा कारणों से पुलिस ने पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए रखी।सूत्रों का कहना है कि ईडी की टीमें बरेली के अलावा लुधियाना, जालंधर, दिल्ली और नोएडा सहित अन्य स्थानों पर भी एक साथ कार्रवाई कर रही हैं। जांच के दौरान वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों, निवेश और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल ईडी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। देर रात तक छापेमारी और दस्तावेजों की जांच जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। मामले को लेकर कारोबारी जगत में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।