बरेली। परिषदीय विद्यालयों में वर्षों से अल्प मानदेय पर कार्यरत शिक्षामित्रों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से मानदेय में ₹8,000 की वृद्धि किए जाने के बाद खुशी का माहौल है। शनिवार को गांधी उद्यान में शिक्षामित्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर निर्णय पर प्रसन्नता जताई और सरकार का आभार व्यक्त किया। प्रदेश संगठन मंत्री कौशल कुमार सिंह ने बताया कि जनपद के परिषदीय विद्यालयों में लगभग 2,828 शिक्षामित्र तैनात हैं, जो लंबे समय से मानदेय वृद्धि की मांग कर रहे थे। सरकार ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए मानदेय बढ़ाकर ₹18,000 प्रतिमाह कर दिया है, जो अप्रैल से लागू होगा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष कपिल यादव ने कहा कि यह निर्णय स्वागतयोग्य है और इससे शिक्षामित्रों को आर्थिक राहत मिलेगी। जिला संरक्षक विनीत चौबे ने बताया कि बढ़े मानदेय से शिक्षामित्रों में नई उम्मीद जगी है और उनकी आर्थिक समस्याएं कम होंगी। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल गंगवार ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से शिक्षामित्रों का सम्मान भी बढ़ा है। कार्यक्रम में कौशल कुमार सिंह, कपिल यादव, अनिल गंगवार, विनीत चौबे, राजीव उपाध्याय, सतीश चंद्र गंगवार, सीमा सक्सेना, कृष्णा कुमारी सहित कई शिक्षामित्र मौजूद रहे।