बरेली। जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर 21 फरवरी को फरीदपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मर्सी, सहारा और एल्फा नामक तीन अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की गई। जांच में मर्सी अल्ट्रासाउंड बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाया गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया गया। वहीं सहारा अल्ट्रासाउंड अपने पंजीकृत पते से अलग स्थान पर संचालित होता मिला, जिसके चलते उसे भी सील कर दिया गया। एल्फा अल्ट्रासाउंड निरीक्षण की सूचना मिलते ही बंद मिला और संचालक मौके से फरार हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित चिकित्सक ने अपना नाम केंद्र से हटाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवेदन दिया था। इस आधार पर एल्फा अल्ट्रासाउंड के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। निरीक्षण टीम में नोडल पीसीपीएनडीटी अधिकारी डॉ. लईक अहमद अंसारी, विपिन कुमार, राजेश कुमार तथा चालक राहुल शर्मा शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।