बरेली। स्वामी विवेकानंद जी की 164 वीं जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पटेल चौक स्थित स्वामी विवेकानंद जी पार्क में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के जिला अध्यक्ष मुकेश सक्सेना की अध्यक्षता में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मिलकर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर उन्हें नमन किया। संस्था के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने स्वामी विवेकानंद जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका स्थित शिकागो में सन् 1893 में आयोजित विश्व धर्म महासभा में भारत की ओर से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व किया था। भारत का आध्यात्मिकता से परिपूर्ण वेदान्त दर्शन अमेरिका और यूरोप के हर एक देश में स्वामी विवेकानन्द की वक्तृता के कारण ही पहुँचा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने रामकृष्ण मिशन की स्थापना की थी, हम सभी को उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर उनके दिखाये मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। उन्होने कहा कि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा हमेशा ही अपने सभी महापुरुषों को प्रमुखता से याद करती रहती है। कार्यक्रम में माल्यापर्ण के अवसर पर वीरेंद्र रायजादा, सुधीर मोहन, राजेश सक्सेना, संतोष सक्सेना, श्यामदीप सक्सेना, माया सक्सेना, मीरा मोहन, मंजू लता, सुनील कुमार सक्सेना, मनोहर लाल जौहरी, अमित आनंद, अक्षय कुमार बिसारिया, श्वेतांक सक्सेना, अंश सक्सेना, शिवाजी सक्सेना आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।