बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने नववर्ष की रात्रि में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को अलग-अलग स्थानों से अवैध असलाह और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर और एक 12 बोर का नाजायज तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि देर रात नववर्ष के मद्देनज़र शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पहली टीम ने रामलीला ग्राउंड कस्बा बहेड़ी से इब्राहिम पुत्र मोहम्मद नसीम, निवासी मोहल्ला इस्लामनगर, बहेड़ी को पकड़ा। उसके पास से एक 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दूसरी टीम ने ग्राम गरीबपुरा मोड़ से ग्राम आखा जाने वाले रास्ते से जलीस पुत्र एजाज, निवासी मोहल्ला तलपुरा (हाल पता होली चौराहा, बहेड़ी) को गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक 12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे तमंचे अपनी सुरक्षा के लिए रखते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्त शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, चोरी, आबकारी, गौवध व पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को थाना बहेड़ी पुलिस की दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया, जिनमें उप निरीक्षक शिव कुमार मिश्र, अंकित बघेल, श्रीनाथ शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।