बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने अवैध असलाह से हवाई फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक अवैध तमंचे से हवाई फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना सुभाषनगर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वीडियो में दिखने वाला युवक फत्तेपुर से सनैया मढ़ीनाथ की ओर जा रहा है और उसके पास तमंचा भी है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम देवांश उर्फ जानू ठाकुर पुत्र बबलू सिंह उर्फ अशोक सिंह, निवासी अशोक नगर, नीलकंठ मंदिर के पास, मढ़ीनाथ, थाना सुभाषनगर, जिला बरेली बताया। तलाशी में उसके पास से एक 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए रखा था और उसी से हवाई फायर कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। बताया गया कि अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी थाना सुभाषनगर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक होराम सिंह, रविन्द्र सिंह, रोबिन, तथा कांस्टेबल अंकित नागर और मोहित की टीम ने अंजाम दिया।