बरेली। बाबा अमरनाथ यात्रा इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू हो रही है और इसके साथ ही बरेली की श्री शिव शक्ति मानव सेवा समिति द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी बालटाल में भंडारा सेवा आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी उपजा प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. पवन सक्सेना ने एक प्रेस वार्ता में दी। डॉ. सक्सेना ने बताया कि समिति पिछले 18 वर्षों से लगातार बालटाल में शिव भक्तों के लिए निःशुल्क भंडारे का आयोजन करती आ रही है। इस बार यह सेवा कार्य 3 जुलाई से 9 अगस्त 2025 तक चलेगा। समिति के अध्यक्ष संजय पाराशरी और संरक्षक शम्स बदायूनी ने बताया कि बाबा अमरनाथ यात्रा का मार्ग दुर्गम पहाड़ों, कठिन रास्तों और मौसम की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से भरा होता है, लेकिन बरेली के शिवसेवक हर वर्ष वहां पहुँचकर निष्ठा और सेवा भावना के साथ भंडारा संचालित करते हैं। 20 जून को शिव सेवा दल जय भोलेनाथ के जयकारों के साथ बरेली से बालटाल के लिए रवाना होगा। बालटाल के दुमैला स्थान पर यात्रियों के लिए यह भंडारा लगाया जाएगा। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी तुषार पाराशरी, डॉ. शम्स बदायूनी, और कई सम्मानित शिवभक्त मौजूद रहे। इस सेवा यात्रा को सफल बनाने में डॉ. पवन सक्सेना, विवेक मिश्रा, पुत्तन सक्सेना, समीर पाराशरी, अमन पाराशरी, दीपक शर्मा, कुमार विनय, अरुण मौर्य, किशोर चंद्रा, वीरेंद्र अटल, अशोक शर्मा (लोटा मुरादाबादी), भानु प्रताप भारद्वाज, नीरज आनंद, संजय शर्मा, गोपाल राजपूत, संजीव बाजपेई, महेश पटेल, सुरेश रोचानी, नितिन कुमार समेत अनेक श्रद्धालु जुटे रहे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि भोलेनाथ की सेवा में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और हर यात्री तक भोजन व राहत पहुंचाई जाएगी।