समलैंगिक प्रेम : महिला ने लड़की से किया प्यार और कर ली शादी , विरोध करने पर कर ली आत्महत्या
बरेली । शीशगढ़ क्षेत्र में एक समलैंगिक प्रेम कहानी का दुखद अंत हो गया। दो युवतियां एक-दूसरे के प्यार में इतनी डूब गईं कि उन्होंने मंदिर में शादी भी कर ली। लेकिन जब परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया, तो एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पति ने खोला राज, कहा- मेरी पत्नी अपनी सहेली के प्यार में पागल थी
शीशगढ़ के बंजरिया गांव के निवासी राजकुमार सिंह ने बताया कि उनकी शादी को 9 साल हो चुके थे। उनके ही गांव की एक युवती उनकी पत्नी स्वाति से सिलाई सीखने आती थी। इस दौरान दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
राजकुमार के अनुसार, उनकी पत्नी स्वाति अपनी सहेली के प्यार में इस कदर पागल हो गई थी कि उसने घर के सारे काम छोड़ दिए। यहां तक कि सिलाई का काम भी बंद कर दिया। वह हर पल अपनी प्रेमिका के साथ ही रहना चाहती थी। जब भी परिवार या समाज ने उन्हें अलग करने की कोशिश की, स्वाति आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।
बेटी भी समझाती थी, लेकिन स्वाति नहीं मानी
राजकुमार ने बताया कि उनकी 8 साल की बेटी भी अपनी मां को समझाने की कोशिश करती थी, लेकिन स्वाति उसे भी मारने लगती थी। पत्नी के बदलते व्यवहार से परेशान राजकुमार ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कहती थी- “तुम चाहो तो दूसरी शादी कर लो, क्योंकि मैं अपनी प्रेमिका के बिना नहीं रह सकती।”
स्वाति के पिता ने भी उसे समझाने की बहुत कोशिश की। वह उसे अपने साथ ले गए, लेकिन स्वाति वहां से भागकर छत से कूद गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और तीन महीने तक उसका इलाज चला। इस बीच, उसने अपनी प्रेमिका के साथ मंदिर में शादी भी कर ली। स्वाति के पिता ने दुखी होकर कहा- “अब सबकुछ खत्म हो गया। मेरी बेटी ने अपनी जान दे दी।”
पुलिस ने दर्ज किया केस, चार पर मुकदमा
इस मामले में शीशगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि महिला का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। महिला के पति की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।













































































