बुलंदशहर। बृहस्पतिवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। ठिठुरन के बीच बुधवार रात पाला और बृहस्पतिवार सुबह घना कोहरा रहा। अधिकतम तापमान एक डिग्री कम होकर 14 तक पहुंच गया। हालांकि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री ही रहा। घने कोहरे ने वाहनों रफ्तार थाम दी। पूरे दिन धूप नहीं निकली। दिनभर गलन से लोग परेशान रहे। बृहस्पतिवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। कोहरे के साथ सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी। शाम होने के साथ ही सर्द हवाओं और गलन का असर बढ़ता गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री कम होकर 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आर्द्रता 77 फीसदी और हवा की गति पांच से छह प्रति घंटे रही। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. विवेकराज का कहना है कि पाला, कोहरा व शीतलहर से जल्द निजात मिलने की संभावना नहीं है। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 14 जनवरी तक बंद रहेंगे जिले के आंगनबाड़ी केंद्र ठंड को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को 14 जनवरी तक बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति त्रिपाठी ने बताया कि डीएम के आदेश पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र 14 जनवरी तक बंद रहेंगे लेकिन केंद्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं लाभार्थियों को टेकहोम राशन का वितरण करते हुए अन्य सामुदायिक गतिविधियों का संचालन जारी रखेंगी।