कछला में मीटर गेज बढ कर 162.35 मीटर गांवों तक पहुंचने लगा बाढ का पानी सहसवान। गुरुवार को नरौरा बैराज से गंगा में छोडे जाने वाले पानी की मात्रा बढ कर एक लाख क्यूसेक से अधिक हो गई। कछला में मीटर गेज बढ कर 162.35 मीटर पर पहुंच गया। इससे गंगा के जलस्तर में बढोतरी हुई है। गंगा की लहरें दायरे को तोडती हुई गंगा महावा बांध की ओर बढने लगी हैं। डूब क्षेत्र में स्थित गांव भमरौलिया, खागी नगला, परशुराम नगला आदि गांवों के आसपास बाढ का पानी पहुंच गया है। अभी किसी गांव में बाढ का पानी नहीं घुसा है। तहसील प्रशासन और बाढ खंड हालातों पर निगाह रखे हुए है। गुरुवार को नरौरा से गंगा में एक लाख तीन हजार 832 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बुधवार को यह 70 हजार 298 क्यूसेक था। डिस्चार्ज बढने के साथ ही लहरों ने भी गंगा महावा बांध की ओर बढना शुरू कर दिया है। डूब क्षेत्र में स्थित गावों के आसपास जलभराव की स्थिति बन गई है। बिजनौर का डिस्चार्ज कम होने से जलस्तर में फिलहाल उतार चढ़ाव बने रहने की संभावना है।