बदायूं। भारत विकास परिषद रूहेलखंड पूर्व प्रांत की गौरी शंकर शाखा के तत्वावधान में शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं प्रांतीय पदाधिकारियों ने मां सरस्वती, भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर प्रांतीय पर्यवेक्षक अतुल अलंकार, पूर्व प्रांतीय संगठन सचिव वीरेश वार्ष्णेय, प्रांतीय संयोजिका महिला सहभागिता प्रमिला गुप्ता तथा भाजपा जिला मंत्री रचना शंखधार मौजूद रहीं। प्रतियोगिता में कुल 52 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, शिव देवी सरस्वती इंटर कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल, भगवान परशुराम विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय उनौला के विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत में समूह रूप से राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। आयोजक विद्यालय की छात्राओं ने लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर भी खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बाद केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की टीम ने प्रथम स्थान, शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर ने द्वितीय स्थान तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय उनौला की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. मदन मोहन लाल, डॉ. निशा पाठक एवं चित्रा कुमारी शामिल रहीं। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के विद्यार्थियों को अतिथियों एवं शाखा पदाधिकारियों ने प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदान किए गए स्मृति चिह्नों के प्रायोजक मैसर्स श्यामलाल के नाती ज्वेलर्स तथा उपहारों के प्रायोजक मैसर्स श्री बालाजी ज्वेलर्स के सहयोग की सराहना की गई। इस अवसर पर गौरी शंकर शाखा अध्यक्ष आर.के. उपाध्याय, सचिव सौरभ रस्तोगी, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, जिला संयोजक आयुष भारद्वाज, हरि कृष्ण वर्मा, अशोक गौड़, राजेंद्र गुलाटी, राजेंद्र गुप्ता, संजय उपाध्याय, कुमकुम वार्ष्णेय, निधि वर्मा सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बांधा समां,केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की टीम प्रथम रही

6.7K views

























































































