बदायूं।मदर एथीना स्कूल में ‘हिंदी दिवस’ के अवसर पर कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘कहानी वाचन’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका शीर्षक था ‘नैतिकता। इसके साथ ही कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘हिंदी निबंध’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका शीर्षक था ‘हिंदी मेरी पहचान’। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अतिरिक्त कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए ‘वाद-विवाद’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका शीर्षक था ‘हिंदी भाषा का सोशल मीडिया द्वारा प्रयोग एवं प्रचार अपेक्षित अथवा उपेक्षित’। जिसमें प्रतिभाग कर विद्यार्थियों ने अपने विशेष तर्कों एवं बहुमुखी ज्ञान द्वारा श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9 (स) की तनिष्का सिंह ने प्रथम, कक्षा 9 (ब) की मान्या सिंह ने द्वितीय तथा कक्षा 9 (स) की माहीन खान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विशाल गुप्ता एवं विष्णु गोपाल का विशेष योगदान रहा। विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने बताया कि हमारे विद्यालय में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को निखरने के साथ-साथ उनमें मातृभाषा के प्रति आदर एवं सम्मान का भाव उत्पन्न करते हुए उसका महत्व समझाना भी है जिससे कि भविष्य में अपनी भाषा के विकास में भी योगदान कर सकें।