सहसवान। रविवार शाम घर से गए मंदबुद्धि युवक का सोमवार को नदी में उतराता शव मिला। परिजनों ने बिना पीएम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के गांव नयागांव निवासी कुंवरसेन का पुत्र अरुण रविवार शाम करीब पांच बजे घर से गांव में घूमने की बात कह कर गया था। देर शाम तक वह वापस नहीं लौटा तो स्वजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव नदी में उतराता देखा तो स्वजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवाया। युवक के स्वजनों के पीएम कराने से इंकार करने पर पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया। कोतवाल पंकज लवानिया का कहना था कि परिजनों ने बताया कि युवक मंदबुद्धि था। पीएम कराने से मना किया तो शव उन्हें सौंप दिया गया।