बिल्सी। अब नगर और ग्रामीण क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के लिए बदायूं जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने होगें। विभाग ने जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालय पर पनबाड़िया बिजलीघर पर स्थित उपखंड अधिकारी बिल्सी (एसडीओ) कार्यालय को नगर के बिजलीघर पर शिफ्ट कर दिया है। जहां बिल्सी नगर के अलावा वजीरगंज, सैदपुर, नागरझूना स्थित बिजलीघर के उपभोक्ताओं की समस्याओं का निराकरण यहां आसानी हो सकेगा। आज यहां एसडीओ केके गंगवार ने अपने कार्यालय में विधिवत कार्य शुरु कर दिया है। जिससे उपभोक्ताओं में खुशी का माहौल है। ज्ञात रहे कि बीती दो सिंतबर को नगर कमेटी कांग्रेस के नगराध्यक्ष अजीत सिंह गूर्जर ने कार्यकर्ताओं के साथ तहसील मुख्यालय पर उपखंड अधिकारी कार्यालय की स्थापना समेत नगर क्षेत्र के बिजली की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक एसडीएम को सौंपा था। जिसके बाद विभाग ने नगर की बिजली समस्याओं को लेकर गंभीरता से ध्यान देते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय की स्थापना के आदेश विभाग के अधिकारियों को दिए। जिसके क्रम में आज यहां उक्त कार्यालय की विधिवत स्थापना की। एसडीओ गंगवार ने बताया कि अब क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 30 किलोमीटर दूर स्थित जिला मुख्यालय पर अपनी समस्याओं के लिए दौड़ लगानी नहीं पड़ेगी। उन्होने बताया कि कार्यालय में बिल्सी नगर के अलावा वजीरगंज, सैदपुर और नागरझूना के उपभोक्ताओं की समस्याओं को यहां रोजाना सुबह 10 से पांच बजे तक सुना जाएगा। साथ ही उनका समय पर निराकरण किया जाएगा। कार्यालय में एसडीओ समेत पांच स्टाप को फिलहाल तैनात कर दिया गया है।