बरेली। पीसीएस अधिकारी पद से इस्तीफा देने और बाद में निलंबित किए जाने के बाद राजनीतिक क्षेत्र में उतरे राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री गुरुवार को बरेली पहुंचे। उन्होंने दूरदर्शन केंद्र के सामने स्थित परशुराम धाम पर पार्टी की कार्यकारिणी के साथ राजनीतिक चर्चा की और मीडिया से बातचीत कर संगठन की आगामी रणनीति का खुलासा किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बरेली की दो विधानसभा सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी की।
गौरतलब है कि अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी 2026 को यूजीसी नियमों और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताते हुए पीसीएस सेवा से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद शासन की ओर से उन्हें निलंबित कर दिया गया। निलंबन के बाद उन्होंने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा नाम से राजनीतिक दल का गठन किया और सामाजिक अधिकारों तथा अपने हक की लड़ाई को राजनीतिक मंच से आगे बढ़ाने का ऐलान किया। अब वह आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।
संविधान दिवस के अवसर पर बरेली पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की ओर से प्रदेश के सभी 75 जिलों में ‘झंडा बदलो अभियान’ चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य जाति और धर्म के नाम पर होने वाले राजनीतिक ध्रुवीकरण को समाप्त करना है। उनका आरोप है कि राजनीतिक दल हिंदू समाज को सामान्य वर्ग, ओबीसी और एससी-एसटी वर्ग में बांटकर वोट हासिल करते रहे हैं। अब राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा इन वर्गों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।
इस दौरान उन्होंने बरेली की दो विधानसभा सीटों के लिए पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा की। अलंकार अग्निहोत्री ने भोजीपुरा विधानसभा सीट से हाजी साजिद खान और आरक्षित फरीदपुर विधानसभा सीट से प्रेम सिंह चौधरी को राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का प्रत्याशी घोषित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लगातार संगठन का विस्तार कर रही है और विभिन्न जिलों में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है।
अपने इस्तीफे और निलंबन से जुड़े सवाल पर अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने यूजीसी नियमों के विरोध में ‘यूजीसी रोलबैक’ का नारा दिया था और इसी मुद्दे को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर घेराव किया था। उनका कहना है कि इस दौरान जातिगत टिप्पणी किए जाने का मामला भी सामने आया था, जिसके विरोध में उन्होंने लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के तहत आवाज उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मांगों पर कार्रवाई करने के बजाय शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया।
अग्निहोत्री ने दावा किया कि निलंबन के बाद विभागीय जांच में उन्होंने अपना पक्ष विस्तार से रखा है। उनके मुताबिक, उनके जवाब को बरेली मंडल के आयुक्त ने ज्यों का त्यों स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि अपने जवाब में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और सरकार की नीतियों को लेकर जो सवाल उठाए हैं, वे अब सरकारी दस्तावेजों का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए या उन्हें बर्खास्त किया जाए। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय जाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि समाज और देश के मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए यदि उन्हें अपनी नौकरी की कुर्बानी भी देनी पड़े तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। वह अपने यूजीसी रोलबैक के विरोध पर आज भी कायम हैं और आगे भी इस मुद्दे को उठाते रहेंगे।
गठबंधन के सवाल पर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक ने बताया कि उनकी कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों से बातचीत चल रही है। गठबंधन को लेकर पार्टी जल्द ही निर्णय लेगी। फिलहाल इस संबंध में कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है।
विधानसभा चुनाव में पार्टी कितनी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी, इस सवाल पर अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि शुरुआती लक्ष्य 160 से 170 सीटों पर चुनाव लड़ने का है। इन सीटों पर पार्टी का कोर वोटर और संगठनात्मक आधार मजबूत करने की योजना है। हालांकि, मौजूदा रुझानों को देखते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश की सभी 430 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की संभावना भी जताई।
अलंकार अग्निहोत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए जातिगत और धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने जल जीवन मिशन, हाईवे निर्माण, दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग और राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे सहित कई मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगा और सामान्य वर्ग, ओबीसी तथा एससी-एसटी समाज के अधिकारों की आवाज उठाएगा।
बरेली में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।


























































































