बदायूं। समाज कल्याण विभाग की डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत विकासखंड वजीरगंज के ग्राम धर्मपुर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने शिलान्यास कर प्रदेश सरकार की पहल को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण लाइव प्रसारण के माध्यम से जुड़े और अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संपूर्ण जीवन सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण और पार्कों के विकास के लिए किए जा रहे कार्य उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक हैं।
उन्होंने बताया कि बदायूं विधानसभा क्षेत्र के 10 पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए कुल एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे सार्वजनिक स्थलों का विकास होने के साथ ही आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महापुरुषों के सम्मान, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।
पूर्व प्रदेश मंत्री डीपी भारती ने कहा कि बाबा साहब ने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचारों को आत्मसात करना हम सभी का दायित्व है। वहीं पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है। संविधान के माध्यम से उन्होंने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया।
विधायक महेश गुप्ता ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और समाज कल्याण मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बदायूं विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में भीमसेन सागर, पिछड़ा मोर्चा उपाध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य जयपाल दिवाकर, क्षेत्रीय मंत्री युवा अंकित मौर्य, अनुसूचित मोर्चा जिला मंत्री सूरजपाल सागर, राहुल वार्ष्णेय, मंडल अध्यक्ष राघव सिंह चौहान, नरेश पाल सागर, ब्रह्मानंद, रामकिशन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


























































































