बरेली । महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा विश्वविद्यालय परिसर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की एंटी नारकोटिक्स टीम द्वारा दो छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया गया। पांच सदस्यीय टीम द्वारा किए गए इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्रावासों में नशीले पदार्थों के सेवन एवं उनके संभावित दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
औचक निरीक्षण के दौरान टीम ने छात्रावासों के विभिन्न कमरों का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद स्थापित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों को समझाया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसकी शिक्षा, पारिवारिक जीवन, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य की संभावनाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
निरीक्षण के दौरान टीम ने विद्यार्थियों की व्यक्तिगत काउंसलिंग भी की। उन्हें बताया गया कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता, एकाग्रता, स्मरण शक्ति एवं मानसिक संतुलन को प्रभावित कर सकता है। नशे की शुरुआत प्रायः मित्रों के दबाव, जिज्ञासा, तनाव अथवा गलत संगति के कारण होती है, जो आगे चलकर गंभीर लत का रूप ले सकती है। इसलिए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, सकारात्मक मित्र समूह बनाने, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा तनाव की स्थिति में उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने की सलाह दी गई। टीम ने कहा कोई भी औषधि बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बिना न रखें ।एंटी नारकोटिक्स टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों एवं सहपाठियों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें। टीम ने इस बात पर विशेष बल दिया कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान प्राप्त करने का स्थान नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ सामाजिक व्यवहार के विकास का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।इस औचक निरीक्षण अभियान में विश्वविद्यालय की पांच सदस्यीय एंटी नारकोटिक्स टीम के अंतर्गत डॉ. कौशल कुमार सक्सेना, डॉ. रश्मि रंजन, डॉ. पवन कुमार, डॉ. ललित कुमार पांडेय एवं प्रोफेसर. आशुतोष प्रिय सम्मिलित रहे।। टीम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशामुक्त एवं अनुशासित छात्र जीवन के महत्व से अवगत कराया।
विश्वविद्यालय की एंटी नारकोटिक्स टीम ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के औचक निरीक्षण, जागरूकता अभियान एवं व्यक्तिगत काउंसलिंग की गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी। इन प्रयासों का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना तथा विश्वविद्यालय परिसर को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल करना है।
विश्वविद्यालय का यह प्रयास नशामुक्त युवा, स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दो छात्रावासों में एंटी नारकोटिक्स टीम का औचक निरीक्षण, विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

6.3K views

























































































