बिसौली। नगर के आर.के. इंटरनेशनल स्कूल में 12वें अंतरराष्ट्रीय साहित्यकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। के.बी. हिंदी सेवा न्यास, डॉ. मिथिलेश दीक्षित साहित्य-संस्कृति सेवा न्यास एवं आईपीएस केवल खुराना स्मृति मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में नेपाल और अमेरिका सहित देश के 14 प्रदेशों से आए साहित्यकारों ने सहभागिता की। साहित्यकारों के इस एक दिवसीय महाकुंभ में साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति के विविध रंग देखने को मिले। समारोह में कुल 92 महानुभावों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।समारोह की अध्यक्षता बदायूं के वरिष्ठ साहित्यकार, समाजसेवी एवं व्यवसायी अशोक खुराना ‘वितान’ ने की। हरियाणा के सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. रामनिवास ‘मानव’ डी.लिट. मुख्य अतिथि रहे। मध्यप्रदेश की साहित्यकार डॉ. लता अग्रवाल ‘तुलजा’ एवं हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. उमेश चंद्र नैथानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बरेली के डॉ. नितिन सेठ डी.लिट. ने किया।कार्यक्रम का शुभारंभ न्यास अध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र शर्मा ‘सुधांशु’ एवं मंचासीन अतिथियों ने मां वाणी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्पित कर किया। चंदौसी की कु. शिवानी दीक्षित ‘महक’ ने मधुर स्वर में वाणी वंदना प्रस्तुत की। न्यास अध्यक्ष ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उनका परिचय कराया।
न्यास की गतिविधियों और उपलब्धियों का प्रस्तुत हुआ वार्षिक प्रतिवेदन
समारोह के प्रथम सत्र में डॉ. मिथिलेश दीक्षित साहित्य-संस्कृति सेवा न्यास की गतिविधियों पर चर्चा हुई। न्यास के सचिव डॉ. नितिन सेठ ने उसके उद्देश्यों एवं कार्यों पर प्रकाश डाला। महासचिव आशीष कुमार शर्मा, सहायक प्रोफेसर इन्वर्टिस विश्वविद्यालय ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में न्यास के प्रयासों की सराहना की।द्वितीय सत्र में के.बी. हिंदी सेवा न्यास की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। न्यास के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन सेठ ने इसके उद्देश्यों एवं कार्यों पर प्रकाश डाला, जबकि महासचिव आशुतोष कुमार शर्मा ने वर्ष 2014 में न्यास के गठन से लेकर अब तक की प्रगति और उपलब्धियों का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
पत्रिका के संयुक्त अंक सहित सात पुस्तकों का लोकार्पण
समारोह के दौरान मंचासीन अतिथियों ने न्यास की त्रैमासिक साहित्यिक पत्रिका ‘नये क्षितिज’ के संयुक्त अंक 46/47 का लोकार्पण किया। इसके साथ ही डॉ. सतीश चंद्र शर्मा ‘सुधांशु’ की 19वीं एवं 20वीं कृति ‘ना री, मुकरी’ (मुकरी संग्रह) और ‘किशोर मन की कुंडलियां’ (कुंडलियां संग्रह) का विमोचन हुआ।इसके अतिरिक्त राजेंद्र शर्मा ‘राही’ (मध्यप्रदेश) के दोहा संग्रह ‘संस्कारों की चौपाल’, मुकेश कुमार दीक्षित ‘शिवांश’ (सम्भल) के कविता संग्रह ‘काव्य प्रेरणा’, मेरठ की साहित्यकार सुधा शर्मा आर्य के उपन्यास ‘ऐसे तो मत दुत्कारो’, वर्षा अग्रवाल (अलीगढ़) के हाइकु संग्रह ‘आचमन’ तथा सहारनपुर के हरिराम ‘पथिक’ के गीत संग्रह ‘गीत साथ जो मिलकर गाये’ का भी लोकार्पण किया गया।
धनराशि सहित विभिन्न श्रेणियों में साहित्यकारों को मिला सम्मानसम्मान समारोह में समग्र साहित्यिक योगदान के लिए पांच हजार रुपये की सम्मान राशि सहित डॉ. रामनिवास मानव, डॉ. घमंडी लाल अग्रवाल एवं डॉ. रमाकांत (हरियाणा), डॉ. अरविंद श्रीवास्तव ‘असीम’, डॉ. लता अग्रवाल ‘तुलजा’ (मध्यप्रदेश), डॉ. राजेंद्र मिलन, डॉ. सुषमा सिंह एवं डॉ. आर.पी. सारस्वत (उत्तर प्रदेश) को सम्मानित किया गया।इसी क्रम में 2100 रुपये की सम्मान राशि सहित ‘विभूषण श्री सम्मान’ से गोविंद पाल, शंकर भट्टाचार्य (छत्तीसगढ़), डॉ. कुसुम रानी नैथानी, डॉ. विष्णु शास्त्री ‘सरल’ (उत्तराखंड), डॉ. रफीक नागौरी (मध्यप्रदेश), डॉ. संदीप कुमार ‘सचेत’, मुकेश कुमार दीक्षित ‘शिवांश’, डी.पी. सिंह ‘कृष्णा’, अनुज कुमार तिवारी, हरिराम ‘पथिक’, प्रेमशंकर शास्त्री ‘बेताब’, प्रवीण अग्रवाल ‘नादान’, सुधा शर्मा आर्य, जितेंद्र कुमार जौली एवं निशिराज जैन सहित विभिन्न साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।1100 रुपये की सम्मान राशि सहित ‘भूषण श्री सम्मान’ वर्षा अग्रवाल, अलका अग्रवाल एवं वाणी अब्राहम सिंह को प्रदान किया गया। इसके अलावा डॉ. प्रीति अग्रवाल, डॉ. दुर्गा टंडन, रवींद्र कुमार पाण्डेय ‘सरल’, रवींद्र कुमार राणा एवं सतेंद्र सहित पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्यप्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र और नेपाल के 52 साहित्यकारों को शाल, सम्मान पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
12 वर्षों में 422 साहित्यकारों को दे चुका है सम्मान
न्यास के महासचिव आशुतोष कुमार शर्मा ने बताया कि इस समारोह में विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत कुल 92 महानुभावों को सम्मानित किया गया। इनमें पांच हजार रुपये सहित 11, चार हजार रुपये सहित दो, 2100 रुपये सहित 27, 1100 रुपये सहित चार तथा 500 रुपये सहित एक सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि न्यास अपने 12 वर्षों के सफर में अब तक 422 साहित्यकारों को विभिन्न धनराशियों के साथ सम्मानित कर चुका है, जबकि एक हजार से अधिक साहित्यकारों को बिना धनराशि के सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं।समारोह के अंत में अध्यक्ष अशोक खुराना ‘वितान’ ने अपने विचार व्यक्त किए। न्यास के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन सेठ ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साहित्यिक गरिमा और आपसी सौहार्द के वातावरण में समारोह का समापन हुआ।


























































































