बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। गंगा तट के दोनों ओर रेत की सफेद चादर पर तंबुओं का एक विशाल शहर बस चुका है। दूर-दराज के जनपदों से श्रद्धालुओं के लगातार पहुंचने से मेला क्षेत्र गुलजार हो गया है। कोई निजी वाहन से तो कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोटरसाइकिल और कारों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर अपने कैंप लगा रहा है। गंगा घाटों पर हर-हर गंगे और निर्मल गंगे के जयघोष के बीच श्रद्धालु मां गंगा की पवित्र धारा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। साधु-संत सुबह-शाम गंगा तट पर पूजा-अर्चना और संध्या वंदन कर मेले के धार्मिक वातावरण को आध्यात्मिक रंग दे रहे हैं।श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। गंगा घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। मेले में सांस्कृतिक मंच भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां भक्ति संगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से प्रदर्शनियां भी सजाई जा रही हैं।
मीना बाजार में उमड़ रही खरीदारों की भीड़
ककोड़ा मेले का मीना बाजार पूरी तरह सज चुका है। शाम होते ही बाजार में महिलाओं और बच्चों की भीड़ उमड़ पड़ती है। महिलाएं प्रसाधन सामग्री और घरेलू उपयोग के सामान की जमकर खरीदारी कर रही हैं। दुकानों पर बक्से, सिलबट्टे, बैलों की घंटियां, ढोलक, बच्चों के खिलौने और सजावटी सामान लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। गंगा तट पर इलायची दाना की खूब बिक्री हो रही है। वहीं चाट, पकौड़ी, मूंगफली और पेठे के ठेलों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। मेले की प्रसिद्ध ककोड़ा खुजला बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। इसकी खुशबू मेले की रौनक को और बढ़ा रही है। प्रसाद की दुकानों पर भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है।
चूल्हों पर पक रहा भोजन, दिख रही ग्रामीण संस्कृति की झलक
शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा मेला परिसर जगमगा उठता है। श्रद्धालु अपने कैंपों में परिवार के लिए गैस चूल्हों पर भोजन तैयार करते नजर आ रहे हैं तो कई परिवार पारंपरिक चूल्हों पर खाना बनाकर ग्रामीण संस्कृति की झलक पेश कर रहे हैं। मेले में 30 से 50 रुपये तक के मिट्टी के चूल्हों की खूब बिक्री हो रही है। इसके साथ ही भोजन बनाने और जमीन पर बिछाने के लिए धान का पुआल भी श्रद्धालु खरीद रहे हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी तैयार हो चुके हैं।
अस्थायी अस्पताल में 300 से अधिक मरीजों का उपचार
मेले में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 10 बेड का अस्थायी अस्पताल स्थापित किया गया है। इसमें चार बेड पुरुषों, तीन महिलाओं और तीन बेड आपातकालीन मरीजों के लिए निर्धारित किए गए हैं। डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी दिन-रात 24 घंटे मरीजों की सेवा में जुटे हैं। चिकित्सक डॉ. शिशिर पाल ने बताया कि अब तक 300 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है। इनमें अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। कुछ मरीजों की स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कर ड्रिप चढ़ाई गई। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें वापस उनके तंबुओं में भेज दिया गया।अस्पताल में डॉ. सतीश चंद्र, डॉ. अंशु कुमार, डॉ. उपदेश कुमार सहित विक्रम पटेल, शिवम कश्यप, सुमित कुमार, तिलक कुमार और विकास की ड्यूटी लगाई गई है।उद्घाटन से पहले ही श्रद्धालुओं की भारी आमद ने मिनी कुंभ मेला ककोड़ा को पूरी तरह गुलजार कर दिया है। दूर-दूर तक फैले तंबू, गंगा की निर्मल धारा, साधु-संतों की साधना, धार्मिक जयघोष, सजे हुए बाजार और लोक संस्कृति की छटा मेले को विशिष्ट पहचान दे रही है। गंगा की रेती पर बसा यह अस्थायी शहर सनातन संस्कृति, लोक परंपरा और जनआस्था का जीवंत स्वरूप बन गया है।


























































































