बरेली। साइबर ठगों ने अब लोगों को डराने और ठगी का शिकार बनाने के लिए डिजिटल अरेस्ट का नया तरीका अपना लिया है। बरेली के कोतवाली थाना क्षेत्र में सर्किट हाउस चौराहे के पास रहने वाले और अपनी हकीम की दुकान चलाने वाले 78 वर्षीय हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी को साइबर ठगों ने करीब 12 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। ठगों ने खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर उन्हें आतंकियों को 2.5 करोड़ रुपये देने के मामले में फंसाने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उनके नाम से कथित बैंक खाते और आधार कार्ड से जुड़े दस्तावेज दिखाकर गिरफ्तारी का डर पैदा किया गया। हालांकि, बैंक खाते में आरटीजीएस के जरिए रकम जमा कराने की बात सामने आने पर हकीम को ठगी का शक हो गया और उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए साइबर क्राइम टीम तक पहुंचकर खुद को ठगों के जाल से बचा लिया।
पीड़ित हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि 19 नवंबर की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच उनके पास एक महिला का फोन आया। महिला ने खुद को इंस्पेक्टर बताते हुए कहा कि एटीएस के अधिकारी उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद कॉल दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर कर दी गई। फोन करने वाले ने खुद को एटीएस का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी है और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने आने वाली है। हालांकि, उनकी उम्र करीब 78 वर्ष होने और सभ्य व्यक्ति होने की बात कहकर पहले उनसे पूछताछ करने की बात कही गई।
इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए। ठगों ने कहा कि उनका संबंध दो आतंकियों से है और उन्होंने हुगली स्थित एक बैंक खाते के माध्यम से आतंकियों को 2.5 करोड़ रुपये दिए हैं। आरोपों के समर्थन में उन्हें उनके नाम का कथित आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी दिखाए गए। हकीम ने जब कहा कि वह कभी हुगली गए ही नहीं और न ही वहां उनका कोई बैंक खाता है तो ठगों ने दावा किया कि उनके पास सभी सबूत मौजूद हैं। इसके बाद उन्हें बताया गया कि आतंकियों से पूछताछ में भी उनका नाम सामने आया है।
ठगों ने मामले को और गंभीर दिखाने के लिए एनआईए चीफ से बातचीत कराने की बात कही। कुछ देर बाद एक व्यक्ति ने खुद को एनआईए का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए बातचीत शुरू की। उसने कहा कि अधिकारी उनके सहयोग से संतुष्ट हैं और फिलहाल उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, लेकिन जांच में सहयोग नहीं करने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
हकीम खुर्शीद के मुताबिक, इस दौरान उन्हें किसी से भी बातचीत नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। कहा गया कि उनका मोबाइल फोन लगातार चालू रहना चाहिए और वह हर समय उनके सर्विलांस में हैं। उन्हें एक कथित दस्तावेज भेजकर पढ़ने और उसका पालन करने को कहा गया। उसमें लिखा था कि यदि उन्होंने परिवार के किसी सदस्य, भाई या बेटे से भी बात की तो उसे भी मामले में आरोपी बना दिया जाएगा। ठगों ने उनसे कमरे को चारों तरफ से दिखाने और दरवाजा बंद रखने को भी कहा, ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
करीब रात एक बजे तक ठग उन्हें वीडियो कॉल पर निगरानी में रखे रहे। इसके बाद उन्होंने कहा कि एनआईए के अधिकारी जा चुके हैं और सुबह सात से नौ बजे के बीच दोबारा बातचीत होगी। इस दौरान हकीम के बेटे ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो उन्होंने ठगों के निर्देश पर मोबाइल जेब में रखकर बेटे से सामान्य तरीके से बात की, लेकिन पूरी घटना के बारे में कुछ नहीं बताया।
अगली सुबह ठगों ने दोबारा संपर्क किया और कहा कि उनके खाते से आतंकियों को भेजी गई रकम की जांच की जाएगी। इसके लिए नोटों के सीरियल नंबर का मिलान करने की बात कही गई। जब हकीम ने बैंकिंग प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने की बात कही तो ठगों ने उन्हें आरटीजीएस फॉर्म भरकर रकम ट्रांसफर करने के लिए बैंक जाने का निर्देश दिया। यहीं पर उन्हें शक हुआ कि अगर मामला वास्तव में पुलिस या जांच एजेंसी का है तो अधिकारी उनसे इस तरह आरटीजीएस कराने के लिए क्यों कह रहे हैं।
इसके बाद हकीम ने ठगों के निर्देशों का पालन करने का दिखावा किया और बैंक जाने की बात कही। उन्होंने मोबाइल फोन बंद कर दिया और परिवार के लोगों को तत्काल बुलाया। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां अधिकारी नहीं मिले। फिर वह साइबर क्राइम थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
हकीम के मुताबिक, इसी दौरान ठगों का दोबारा फोन आया। साइबर क्राइम टीम के अधिकारियों ने भी उनकी बातचीत सुनी और इसके बाद उनका फोन बंद करा दिया। पुलिस ने उनके मोबाइल में मौजूद कॉल रिकॉर्डिंग, ठगों की ओर से भेजे गए संदेश और कथित प्रमाणपत्रों सहित अन्य जानकारियां जुटाईं। हकीम ने बताया कि साइबर टीम ने उन्हें भरोसा दिलाया कि अब उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह करीब 12 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मानसिक दबाव बनाने के बावजूद साइबर ठग अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। हकीम खुर्शीद की सूझबूझ और समय रहते साइबर क्राइम टीम तक पहुंचने से वह बड़ी आर्थिक ठगी का शिकार होने से बच गए।


























































































